स्कूल के प्रधानाचार्य ने दर्ज कराया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर से सटे मूडघाट में स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने ताला तोड़कर स्मार्ट टीवी चुरा लिया। दो सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में प्रधानाचार्य डॉ. सर्वेष्ट कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के मूडघाट में स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट टीवी से पढ़ाई होती है। 24 जनवरी को स्कूल खुला तो कर्मी व शिक्षक पहुंचे। यहां कक्षा पांच के दरवाजे का ताला टूटा मिला। इसकी जानकारी प्रधानाचार्य ने बीएसए को दी। इसके बाद लिखित तहरीर प्रधानाचार्य ने कोतवाली पुलिस को दी। तहरीर में लिखा गया है उनके स्कूल में स्थापित स्मार्ट टीवी चोरी हो गई है। जबकि दो कैमरों को चोरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है।
सीओ विनय चौहान ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।