पुल पर मोबाइल फोन रखकर युवक ने कुआनो नदी में लगा दी छलांग
सेखुईया से शिवघाट पुल तक पैदल गया दीपक
अमर उजाला ब्यूरो
गौर (बस्ती)। कुआनो नदी के शिवाघाट पुल से शनिवार शाम 20 वर्षीय युवक ने मोबाइल फोन से बात करते हुए पुल के ऊपर पहुंचा और मोबाइल नीचे रखकर नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों की नजर पड़ते ही आसपास के लोगों को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए युवक की पहचान गौर थाना के सेखुईया गांव के दीपक प्रजापति के रूप में की।
सेखुईया गांव निवासी परशुराम प्रजापति का 20 वर्षीय लड़का दीपक प्रजापति शनिवार को दोपहर में बिना किसी को बताए घर से मोबाइल फोन से बात करते ही निकल गया। पैदल चलते हुए पांच किलोमीटर दूर शिवाघाट पुल पर पहुंचा। उनके नदी में छलांग लगाने की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। हर कोई कुआनो नदी के शिवाघाट पुल की ओर दौड़ पड़ा। एक माह पहले वह मुंबई से आया था और उसकी शादी भी तय थी। प्रभारी निरीक्षक गौर पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि युवक की तलाश गोताखोर और नाव के माध्यम से कराई जा रही है।