बस्ती। मौसम ने बुधवार को अचानक करवट ले ली। सुबह घने बादलों के बीच बारिश होने लगी। कहीं रिमझिम फुहार पड़ी तो कहीं हल्की बारिश हुई। उम्मीद जताई गई कि दिन में आसमान से बादल छट जाएंगे और धूप खिलेगी। लेकिन पूरे दिन उमड़ते-घुमड़ते बादलों ने सूरज को नहीं निकलने दिया। ऊपर से पछुआ हवा भी तेज रफ्तार में चली। हवाओं के बीच बारिश ने एक बार फिर से लोगों को ठंड का एहसास कराया।
घने बादलों के बीच बुधवार की सुबह हुई। इस बीच बारिश भी होने लगी। वहीं ग्रामीण अंचल में तेज बारिश हुई। बच्चों को भीगते हुए स्कूल जाते देखा गया। हालांकि इस बीच तापमान में गिरावट नहीं दर्ज किया गया। पूरे दिन सामान्य से अधिक तापमान बरकरार रहा। अधिकतम 21 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर टिका रहा। लेकिन, मोटरसाइकिल और खुले वाहनों से निकलने के दौरान पश्चिमी हवाओं की रफ्तार अधिक होने से लोगों को दिन में भी ठंड का एहसास कराया। शहर में दिन 12 बजे के आसपास भी बारिश होते हुई। बारिश से किसानों में कुछ निराशा देखने को मिली। उनका कहना है कि यदि तेज बारिश हुई तो सरसों और लाही की फसल बर्बाद हो जाएगी। क्योंकि खेतों में सरसों में फूल आ चुके हैं। ऐसे में बारिश होने से फूल गिर जाएंगे। जिससे पैदावार प्रभावित होगी। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग के अनुसार हल्की बारिश मौसम को 24 घंटे में अनुकूल बना देगी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र बताते हैं कि बुधवार को हल्की बारिश और पछुआ चलने की उम्मीद हैं। अगले मौसम साफ होने की संभावना है। बृहस्पतिवार को अच्छी धूप निकलने की उम्मीद हैं।