दुबौलिया। करीब पच्चीस वर्ष पहले ब्लॉक क्षेत्र के ऊंजी मिश्रौलिया सरयू नहर की माइनर की खोदाई हुई तो किसान काफी खुश हुए कि अब उनके खेतों की सिंचाई आसानी से हो सकेगी लेकिन खोदाई के बाद से इस माइनर में पानी नहीं आया। पिछले महीने माइनर की सफाई कराई गई और सरयू का जलस्तर बढ़ा तो मुख्य नहर के साथ माइनर में भी पानी आया जो टेल तक नहीं पहुंचा।
करीब 4 किलोमीटर लम्बी माइनर से दर्जनों गांव के किसान सिंचाई के लिए हर साल आस लगाए बैठे रहते हैं लेकिन पानी नहीं आता है। इस बार भी पानी आया लेकिन नाम मात्र का। किसान गोपाल, अरुण, राम प्रकाश, हृदय राम, प्रमोद, पिंटू आदि का कहना है कि इस वर्ष नहर की सफाई हुई तो पानी आया वह भी नाम मात्र का। उससे सिंचाई संभव नहीं है। सहायक अभियंता प्रवीण सोनकर ने बताया कि इस वर्ष किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। पंप में कुछ समस्या है जिसको दूर कराया जा रहा है।