चकमा देकर फरार हुए बाइक सवार संदिग्ध
हर्रैया क्षेत्र के गोभिया मुर्दहवा गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। हर्रैया क्षेत्र के गोभिया गांव के पास मंगलवार की रात संदिग्ध बदमाशों काे ग्रामीणों ने खदेड़ा। भागते समय बदमाशों की बाइक गिर गई। मगर, बदमाश भागने में कामयाब रहे। एक बाइक पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसके नंबर के जरिये बदमाशों की पहचान करने का पुलिस प्रयास कर रही है।
हर्रैया क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाओं को देखते हुए गांव के लोग टोली बनाकर पहरा दे रहे थे। गोभिया गांव के पास बाइक पर दो संदिग्ध दिखाई दिए। लोगों ने रोकना चाहा पर वे भाग निकले। ठुठवा गांव के पास नहर की पुलिया पर पहरा दे रहे राकेश तिवारी, रामजन्म वर्मा ,लालजी मिश्रा, राम सुमित मिश्रा,बब्बू मिश्रा ने भी बाइक रोकना चाहा तो बाइक सवारों ने रफ्तार बढ़ा दी।
मुर्दहवा घाट पर सिंह किराना स्टोर के सामने हर्रैया थाने सिपाही पवन यादव तथा एक होमगार्ड्स बाइक सवार को रोकना चाहे मगर बाइक की स्पीड अधिक होने की वजह से वे लोग भी चकमा खा गए। मगर दुकानदार प्रेम सिंह ने बाइक के पहिये में डंडा डाल दिया। इससे बाइक सवार गिर कर भाग खड़े हुए। पवन सिंह को काफी चोटें आई। क्षेत्र के उमाकांत तिवारी,झिनकू निषाद,सुमति मिश्र, लालजी मिश्र, पटवारी मिश्र, गुड्डू मिश्र, विजय मिश्र, वेद प्रकाश भी पहुंच गए। बाद में थाने के एसआई आकर बाइक ले गए। एसएचओ राना डीपी सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।