बस्ती। पैकोलिया थानाक्षेत्र के असनहरा गांव में तीसरे दिन भी मातम जैसा माहौल रहा। ग्राम प्रधान के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। पोस्टमार्टम में प्रधान की बहू के भी खुदकुशी करने की पुष्टि होने के बाद उसके मायके के लोगों ने तहरीर नहीं दी है। बात करने पर वे लोग नाराज हो रहे हैं।
अंजली के भाई अभिषेक ने साफ कह दिया कि वह लोग इस बारे में कोई बात नहीं करना चाहते। एसएचओ कृष्ण कुमार साहू ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से जांच तो कर रही है लेकिन इसके लिए परिवार के लोगों की तरफ से अभी कोई बात नहीं बताई गई।
बता दें कि पैकोलिया थानाक्षेत्र के असनहरा के प्रधान रामधीरज के पुत्र शनिदेव और बहू अंजली ने सोमवार को खुदकुशी कर लिया। दोनों की शादी 17 नवंबर 2024 को अयोध्या जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के हलकारा का पुरवा निवासी अंजली से हुई थी। सोमवार सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहा-सुनी हो गई। नाराज़ होकर शनिदेव घर से निकल गया। इसी दौरान अंजलि भी मानसिक रूप से अत्यधिक तनाव में आ गई। इसी बीच करीब तीन बजे दिन में प्रधान के छोटे बेटे गौतम कुमार को सूचना मिली कि गोंडा जिले के परसा तिवारी स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से शनिदेव की मौत हो गई है। इसकी जानकारी होने पर अंजली ने भी फंदा लगा कर जान दे दी।