बस्ती। दीपावली के पंच पर्वों में शामिल भैया दूज जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और पारिवारिक संबंधों का जश्न देखने को मिला। सुबह से ही घरों में परंपरागत आयोजनों का क्रम शुरू हो गया। बहनों ने भाइयों को चौकी पर बैठाकर शुभ मुहूर्त में तिलक किया, आरती उतारी और मिठाई तथा नारियल भेंट किए।
भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। बड़े-बुजुर्गों ने परंपराओं को निभाया, वहीं छोटे-छोटे बच्चे भी इस उत्सव में पूरी उमंग के साथ शामिल हुए। बहनों ने भाइयों की लंबी आयु की कामना करते हुए उन्हें मिठाई और उपहारों से सम्मानित किया।
शहर के गांधीनगर, कटरा, मंगल बाजार, पांडेय बाजार, अस्पताल चौराहा के साथ ही विभिन्न बाजारों में भी भैया दूज की रौनक देखने को मिली। मिठाइयों, नारियल, उपहार, रेडिमेड कपड़े और साड़ियों की दुकानों पर खरीदारी का तांता लगा रहा। दुकानदारों ने भैया दूज के लिए विशेष स्टॉक तैयार किया था, जिसके चलते ग्राहकों ने खरीदारी की। नारियल की बिक्री में पिछले दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ोतरी हुई।
महिलाएं सौंदर्य सामग्री, बच्चों ने खिलौने और अन्य सामान खरीदकर त्योहार का आनंद लिया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस दिन भाई-बहन की मस्ती, मिठाइयों का वितरण और पारंपरिक परंपराओं का पालन पूरे उत्साह के साथ किया गया। पर्व की धूम ने पूरे शहर और गांवों में दीपावली की खुशियों को दोगुना कर दिया।