फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: बाजार में हरी चूड़ियों की खनक, सावन की दिख रही रौनक

Tue, 04 Aug 2026 12:27 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
- शहर के गांधीनगर समेत अन्य बाजारों में महिलाओं की भीड़
विज्ञापन


बस्ती। सावन का महीना शुरू होते ही शहर और कस्बे के बाजारों में हरियाली की छटा बिखर गई है। शृंगार की दुकानों पर महिलाओं की चहल-पहल देखने को मिल रही है। हरी चूड़ियां, बिंदी, कंगन और अन्य सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी में तेजी आई है। बाजारों में हर तरफ हरे रंग की चूड़ियों की खनक और सावन की रौनक नजर आने लगी है। गांधीनगर, मंगलबाजार, पांडेय बाजार, कंपनीबाग बाजार सहित अन्य बाजार गुलजार हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन में हरी चूड़ियां धारण करना सौभाग्य, समृद्धि और भगवान शिव व माता पार्वती के आशीर्वाद का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि विवाहित ही नहीं, अविवाहित युवतियां भी उत्साहपूर्वक सावन में हरी चूड़ियों की खरीदारी करती हैं। महिलाओं और युवतियों में हरे कड़े और जरकन वाली चूड़ियों की मांग अधिक है। ऐसे में व्यापारियों ने भी महिलाओं की डिमांड के अनुसार चूड़ियां और कड़े मंगवाए हैं।
विज्ञापन

मंगलबाजार के चूड़ी विक्रेता अब्दुल ने बताया कि सावन में हरी चूड़ियों की बिक्री अधिक होती है। एक दर्जन चूड़ियां 130 से 200 रुपये तक में बिकती हैं। हरे कड़े भी 100 रुपये के चार बिक रहे हैं। जरकन वाले कड़े अधिक पसंद किए जा रहे हैं। इसके अलावा बच्चों के लिए भी चूड़ियों की बिक्री हो रही है। बच्चों में घुंघरू वाली चूड़ी की मांग सबसे अधिक है। युवतियां फैशन के लिए हरी चूड़ियों के साथ सफेद रंग के कड़ों का इस्तेमाल अधिक कर रही हैं।
गांधीनगर के रवि ने बताया कि सावन के लिए कई तरह की आकर्षक डिजाइन की चूड़ियां मंगाई गई हैं। जैली चूड़ी और कांच के कड़े अधिक मांगे जा रहे हैं। रेड रोज चूड़ी भी युवतियां मांग रही हैं। हरे रंग की चूड़ियों के साथ सफेद रंग के कड़े अधिक पसंद किए जा रहे हैं।
विज्ञापन

संजय गुप्ता ने बताया कि इस बार हरे रंग के साथ गोल्डन वर्क वाली चूड़ियां और मैचिंग कंगन महिलाओं की पहली पसंद बने हुए हैं। महिलाएं पारंपरिक कांच की चूड़ियों के साथ नए डिजाइन भी पसंद कर रही हैं। सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ रहती है। अनवर ने बताया कि कड़े और चूड़ियों के दाम में पहले से इजाफा हो गया है। परिवहन भाड़े में वृद्धि होने की वजह से फिरोजाबाद से आने वाली चूड़ियों की लागत अब बढ़ गई है। फैंसी चूड़ियों पर 40 से 50 रुपये बढ़ गए हैं जबकि कड़ों पर 10 से 20 रुपये की वृद्धि हो गई है। चूंकि टूट-फूट भी अधिक हो जाती है। ऐसे में नुकसान अधिक हो जाता है।

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें