टिनिच। गन्ना प्रजाति के सर्वे में गड़बड़ी की शिकायत पर शुक्रवार को जिला गन्ना अधिकारी जगभान सिंह भदौरिया टीम के साथ शिवपुर गांव पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों के खेतों में बोई गई गन्ना प्रजाति का प्राथमिक मूल्यांकन किया। किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की विस्तृत जांच कराने और एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया।
वाल्टरगंज के वरिष्ठ सीडीआई धर्मेंद्र यादव ने बताया कि सहकारी गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सिंह और प्रमुख प्रतिनिधि दुष्यंत विक्रम सिंह ने शिकायत की थी कि अर्ली प्रजाति के गन्ने का सर्वे सामान्य श्रेणी में कर दिया गया है। इससे किसानों को नुकसान होने की आशंका है। जिला गन्ना अधिकारी के निर्देश पर टीम ने शिवपुर निवासी ध्रुव नारायण सिंह, ओमप्रकाश सिंह, राजेश सिंह, राधेरमण सिंह और अमित सिंह के खेतों में गन्ने की प्रजाति का प्राथमिक मूल्यांकन किया। जांच के दौरान मुंडेरवा और बभनान चीनी मिल के कर्मचारी भी मौजूद रहे। धर्मेंद्र यादव ने बताया कि विस्तृत जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। जांच के आधार पर सर्वे में हुई गड़बड़ी को दूर कर किसानों की समस्या का एक सप्ताह में समाधान करा दिया जाएगा। इस दौरान समिति के सचिव लालबहादुर, गगन सिंह, आनंद सिंह, रमेश सिंह और शिवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।