कप्तानगंज (बस्ती)। बैदोलिया अजायब गांव के रहने वाले अधिवक्ता चंद्रशेखर यादव के अपहरण और हत्या में मुखबिरी करने वाले शख्स की पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों से कुछ फीडबैक भी पुलिस को मिला है। इसके आधार पर अधिवक्ता की रेकी करने वाले के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हरैया पुलिस के साथ ही स्वाॅट, एसओजी सहित अन्य टीमें क्षेत्र के बिगहिया, बैदोलिया अजायब, किशुनपुर, लखनऊ सहित दर्जनों जगहों पर छापा कर चुकी है।
घटना में शामिल रहे अन्य लोगों की पहचान के लिए सोमवार की देर रात टीमें अधिवक्ता चंद्रशेखर यादव के घर पहुंचीं । वहां पर बजरंगी यादव से घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद पीड़ित परिवार से मिलकर अन्य जानकारी ली। चंद्रशेखर के पिता कृष्ण चंद्र यादव ने बताया कि बेटे की बेरहमी से हत्या की गई है। हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
..
गांव में दहशत ,बजरंगी यादव भयभीत
बैदोलिया अजायब गांव में ही 25 जनवरी की रात अपहरण कर अधिवक्ता चंद्रशेखर यादव की हत्या से गांव के लोग दहशत में हैं। लोग बिना काम के अपने घरों से नहीं निकल रहे हैं। जैसे ही कोई गाड़ी गांव में आती है वे अपने घरों में दुबक जाते हैं। वहीं घटना के समय अधिवक्ता के हमराह रहे पूर्व बीडीसी बजरंगी यादव भी अनहोनी से भयभीत हैं।