बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के कड़सरी मिश्र गांव में देसी शराब व बीयर की दुकान में शुक्रवार की रात हुई लूट का पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने लूट की फर्जी कहानी रचने के आरोप में दुकान के सेल्समैन बैजीपुर गांव निवासी धीरेंद्र यादव को थाना क्षेत्र के गांव बहद से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी सैलरी कम थी, इसलिए लूट की फर्जी कहानी रची थी। पुलिस ने उसके पास से दो सीसीटीवी कैमरा, एक डीवीआर, एक सीसीटीवी पावर सप्लाई आदि बरामद किया है। एसपी अभिनंदन ने लूट की वारदात का पर्दाफाश करने के लिए लालगंज पुलिस, एसओजी, स्वॉट व सर्विलांस टीम को लगाया था।
पुलिस लाइंस सभागार में देसी शराब की दुकान में हुई फर्जी लूट का पर्दाफाश करते हुए एएसपी श्यामकांत ने बताया कि आरोपी सेल्समैन ने पूछताछ में बताया कि उसे शराब की दुकान पर काम करते हुए दो साल हो गए थे, मगर सैलरी जस की तस रही। आर्थिक स्थिति खराब थी, इससे चिंतित रहता था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि दुकान के मैनेजर चार-पांच दिन से बिक्री के रुपये नहीं जा रहे थे।
इससे उसकी नीयत खराब हो गई और लूट की फर्जी कहानी बना डाली। इसके बाद सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर आदि सामान को क्षतिग्रस्त कर गल्ले में रखे रुपये को पॉलीथिन में रखकर दुकान के सामने ही सड़क किनारे बजरी-गिट्टी के ढेर में छिपाकर ढक दिया था, ताकि किसी को पता न चल सके। इसके बाद मैनेजर को लूट की सूचना दे दी।
ये है घटनाक्रम : शुक्रवार की रात करीब 10 बजे लालगंज थाना क्षेत्र स्थित देसी शराब व बीयर की दुकान के लाइसेंसी कलवारी थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी श्याम कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि ग्राम कड़सरी मिश्र स्थित उसकी देसी शराब व बीयर की दुकान से कार सवार अज्ञात बदमाशों ने शराब की पेटी खरीदने के बहाने दुकान से तीन पेटी शराब व दो लाख रुपये लूट लिए हैं। पुलिस दुकान के लाइसेंसी की तहरीर पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी थी। हालांकि, वारदात वाली रात से ही पुलिस को सेल्समैन पर शक था। दुकान के लाइसेंसी ने भी सेल्समैन पर संदेह जताया था। पुलिस की पूछताछ में सेल्समैन टूट गया और सच्चाई उगल दी।