बैठक में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
- फोटो : amar ujala
बस्ती। मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर आगामी आठ जुलाई को आयोजित सम्मेलन में आंदोलन की रणनीति बनेगी। सम्मेलन रोडवेज के निकट स्थित एक मैरिज हाल के परिसर में आयोजित किया गया है। यह निर्णय रविवार को एपीएनपीजी कॉलेज के टैगोर ब्लॉक में महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की बैठक में लिया गया।
बैठक में जिला कार्यवाहक अध्यक्ष आशा सिंह ने कहा कि पिछली सरकार ने दस हजार रुपये मानदेय देने का समझौता करके 800 बढ़ाया। वर्तमान योगी सरकार ने भी वादा करके मानदेय नहीं बढ़ाया, जिससे प्रदेश भर के आंगनबाड़ी कर्मी स्वयं को ठगा महसूस कर रही हैं। अब इसके लिए योजनाबद्ध ढंग से आंदोलन के लिए केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों से संबद्ध प्रदेश के आंगनबाड़ी संघ एक मंच पर आकर आंगनबाड़ी बचाओ संघर्ष मोर्चे का गठन करके मंडलवार सम्मेलन करेंगे। इसी माध्यम से वे अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे।
मंडल अध्यक्ष शिवसागर पांडेय ने कहा कि प्रदेश के लगभग दो लाख आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं के साथ लाभार्थियों एवं उनके परिजनों द्वारा हस्तांतरित मांग पत्र आगामी दो अक्टूबर को लखनऊ में रैली के बाद मुख्यमंत्री को दिया जाएगा। बैठक को जिला मंत्री मिथिलेश पांडेय एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रप्रभा यादव, जिला ट्रेड यूनियन कौंसिल के महासचिव केके श्रीवास्तव, अशर्फी लाल, केके तिवारी, अयोध्या प्रसाद चौधरी, रानी सिंह, अनीता सिंह, सुमन लता त्रिपाठी, उषा चौधरी, शैल कुमारी, विमला, उर्मिला त्रिपाठी, आशा आदि ने अपनी बात रखी।