बस्ती। मौसम बदला और गर्मी बढ़ते ही त्वचा से संबंधित रोग पैर पसारने लगे हैं। जिला अस्पताल के त्वचा विभाग में फंगल इंफेक्शन के मरीजाें की संख्या बढ़ गई है। पिछले महीने जहां 80-90 मरीज पहुंच रहे थे, अब यह संख्या करीब 150 के पार हो गई है। चिकित्सकों के अनुसार, गर्मी बढ़ने से दाद-खाज के मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने लगी है।
त्वचा विभाग की ओपीडी में डॉ. राम अनुग्रह ने बताया कि गर्मी में दाद व फंगल इन्फेक्शन बहुत तेजी से फैलता है। ज्यादा पसीना, कसे कपड़े और त्वचा का गीला रहना इसकी मुख्य वजह है। उन्होंने बताया कि त्वचा को सूखा रखें। ज्यादा पसीना आने से फंगल इन्फेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। पसीना आने वाली जगहों पर एंटीफंगल डस्टिंग पाउडर का उपयोग करें। नहाने के बाद त्वचा को अच्छी तरह सुखाएं। एक्सरसाइज या काम के बाद गीले कपड़े तुरंत बदल लें।
बताया कि ढीले और कॉटन के कपड़े पहनें। टाइट जींस, लेगिंग्स और सिंथेटिक कपड़े पसीना बढ़ाते हैं। तौलिया, अंडर गारमेंट्स और कपड़े शेयर करने से फंगल इन्फेक्शन फैल सकता है। उन्होंने बताया कि त्वचा पर लाल गोल दाने, खुजली या स्किन का छिलना दिखाई दे तो तुरंत इलाज कराएं। बिना डॉक्टर की सलाह के लोशन आदि इस्तेमाल करने से समस्या बढ़ सकती है। सही इलाज के लिए डर्मेटोलॉजिस्ट से परामर्श लें।
कहा कि पुराने त्वचा रोग भी इन दिनों उभर आए हैं। मंगलवार को 1134 मरीजों ने पर्चा बनवाकर परामर्श लिया। त्वचा रोग विभाग के अलावा, मेडिसिन विभाग, बाल रोग विभाग, आर्थो और नेत्र रोग विभाग में सर्वाधिक भीड़ देखी गई। यहां परामर्श के लिए मरीजों को अपने बारी का इंतजार करना पड़ा।
कोट
ओपीडी में जो मरीज आ रहे उन्हें आसानी से परामर्श देकर दवाएं दी जा रही हैं। ब्लड जांच, एक्स-रे और अन्य जांच हो रही है।
-डॉ. खालिद रिजवान अहमद, एसआईसी, जिला अस्पताल, बस्ती।
-