महिला पीजी कालेज मे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मन की बात कार्यक्रम को देखती छात्राएं।
शहर के महिला महाविद्यालय की छात्रायें मन की बात कार्यक्रम में सीधे वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए अमित शाह से भले बात न कर सकीं, मगर दिए गए ह्वाट्स ऐप नंबर पर उन्होने खुले मन से सवाल किया। कईयों के सवाल नोट बंदी को लेकर थे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को ढ़ाई बजे दिन में बस्ती शहर के महिला महाविद्यालय में छात्राओं से सीधे मन की बात करने वाले थे। इसके लिए माध्यम था वीडियो कांफ्रेसिंग, मगर ऐन वक्त पर तकनीकी कारणों से वीडियो कान्फ्रेसिंग नहीं हो सकी। इस कारण अमित शाह के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण प्रोजेक्टर के जरिए किया गया। छात्राओं को अमित शाह से सवाल के लिए एक व्हाट्सएप नंबर उपलब्ध कराया गया। जिस पर छात्राओं ने सवाल किया। एमए अंतिम वर्ष की छात्रा पूजा गुप्ता ने अमित शाह से सवाल किया कि नोट बंदी से उत्पन्न हुई समस्या कब तक दूर होगी। उन्होंने छात्राओं के लिए अलग से बस्ती में विश्वविद्यालय खोलने की मांग की। एमए द्वितीय वर्ष की छात्रा विद्या रावत ने तकनीकी शिक्षा के लिए बस्ती में छात्राओं के लिए इंजीनियरिंग कालेज की मांग की तो बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा शिवांगी पांडेय ने अमित शाह से पूछा है कि हजार पांच सौ के नोट बंद करने से पहले सरकार ने होमवर्क क्यों नहीं किया।
मन की बात कार्यक्रम में मौजूद पूर्व एमएलसी दयाराम चौधरी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मकसद राष्ट्रीय अध्यक्ष का छात्र छात्राओं से सीधा संवाद करना था, उनके मन की बात जानना था। इस मौके पर महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डा. तूलिका बनर्जी, डा. स्नेहलता गुप्ता, डा. रघुवर आदि मौजूद रहे।