हर्रैया। हर्रैया क्षेत्र में बुधवार शाम मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूजा पंडालों से गाजे-बाजे के साथ प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालु जय माता दी के जयकारे लगाते हुए विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां लक्ष्मी को विदाई देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की। विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जलाशयों और प्रमुख विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग के साथ पुलिस पिकेट तैनात की गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, पूजा समितियों के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग किया। इसके चलते पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में निर्विघ्न संपन्न हो गया। संवाद