वाल्टरगंज। थानाक्षेत्र के दौलतपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में पिस्टल लहराने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को पुलिस ने ग्राम पंचायत सचिवालय बनगवां के सामने भिटिया चौराहे से वाल्टरगंज/गौर जाने वाली पक्की सड़क से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनमें से एक के कब्जे से .22 बोर पिस्टल बरामद किया है। साथ ही एक कार व प्लास्टिक व लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है। एसओ उमाशंकर तिवारी ने बताया कि पिस्टल के बारे में पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में भरौली बाबू निवासी गौरव प्रताप सिंह, निशांक उर्फ दुर्गेश सिंह, रविंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह के अलावा दौलतपुर निवासी रवि सिंह शामिल है।
दौलतपुर निवासी एक पक्ष के जनार्दन सिंह ने तहरीर दी है कि बृहस्पतिवार को दोपहर में करीब डेढ़ बजे भूमि विवाद को लेकर विपक्षी दरवाजे पर आए। अपशब्द कहते हुए महिलाओं को लाठी-डंडा, धारदार हथियार व पिस्टल लेकर मारने के लिए दौड़े। महिलाओं ने खुद को बचाने के लिए दरवाजा बंद कर लिया और अंदर चली गईं तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। पुलिस ने भरौली बाबू निवासी गौरव प्रताप सिंह, निशांक उर्फ दुर्गेश सिंह, रविन्द्र सिंह, राघवेन्द्र सिंह के अलावा दौलतपुर निवासी रवि सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
वहीं दूसरे पक्ष के दौलतपुर निवासी भानु प्रताप सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि तीस जुलाई की रात वह अपने खेत से वापस लौट रहे थे। रास्ते में विपक्षियों ने जमीन पर लगे पेड़ को काटने को लेकर एक राय होकर मारापीटा। जान बचाकर वहां भागने का प्रयास किया तो घर पर आकर पिता, भांजे, पुत्र व बहनोई को भी मारापीटा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दौलतपुर निवासी दिवाकर सिंह, सत्यपाल सिंह, संदीप सिंह, विवेक सिंह उर्फ मल्लू और रामकुमार सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।