रुधौली। गोंड जाति की पर्याय धुरिया जाति को अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाणपत्र जारी न दिए जाने पर अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को तहसीलदार रवि यादव को ज्ञापन सौंपा। शासनादेश के अनुसार गोंड समाज के धुरिया जाति के लोगों को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की।
महासभा के जिलाध्यक्ष बलराम गोंड ने कहा कि केंद्र सरकार के राजपत्र अनुसूचित जातियां एवं अनुसूचित जनजातियां आदेश (संशोधन) अधिनियम 2002 तथा शासनादेश 23 अक्तूबर 2020 के अनुसार उत्तर प्रदेश के महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, मऊ समेत 13 जनपदों गोंड जाति की पर्याय धुरिया जाति अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल है।
इसके बावजूद जिला प्रशासन की ओर से धुरिया जाति के आवेदनों को कहार (अन्य पिछड़ा वर्ग) दर्शाते हुए निरस्त किया जा रहा है। संवाद