कुदरहा। प्रदेश सरकार ने मृदा परीक्षण से जुड़े संविदा कर्मचारियों का मानदेय बढ़ा दिया है। लंबित मांग पूरी होने से गदगद कर्मचारियों ने भाजपा नेता प्रेम सागर तिवारी से मिलकर सहयोग के लिए आभार जताया।
किसानों के मिट्टी में पोषक तत्वों की जांच करने के लिए प्रदेश भर में तहसील स्तर पर 182 मृदा परीक्षण प्रयोगशाला बनाए गए हैं। इन केंद्रों को संचालित करने के लिए मृदा विष्लेषक को 12,000 रुपये, तकनीकी सहायक को 9,600 एवं प्रयोगशाला परिचर को 6,000 रुपये दिए जाते थे। नवंबर 2013 से मानदेय में बढ़ोतरी नहीं की गई है । जिससे बढ़ती जरूरतों के चलते इतने कम मानदेय में परिवार पालना कठिन हो गया था। इससे जुड़े लगभग 350 कर्मचारियों ने कमोवेश सभी जिम्मेदार लोगों से मिलकर अपनी परेशानी बताई। इसी कड़ी में कर्मचारियों का प्रतिनिधि मंडल भाजपा नेता प्रेम सागर तिवारी से मिला और अपनी पीड़ा बताया। उन्होंने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से मिलकर कर्मचारियों की समस्या प्रभावी ढंग से रखी।