निरीक्षण के दौरान मरीज से बातचीत करते सीएमएस डॉ. अनिल कुमार स्रोत विभाग
बस्ती। डिप्टी सीएमओ डॉ. एके चौधरी ने शुक्रवार को सीएचसी भानपुर, पीएचसी सल्टौआ व पीएचसी मुगरहा का निरीक्षण किया। पीएचसी मुगरहा में तैनात प्रभारी चिकित्सक डॉ. भावना गुप्ता गैरहाजिर मिलीं। पूछताछ व रिकार्ड की जांच में पाया गया कि सात जनवरी से लगातार गैर हाजिर हैं। एलटी दिनेश कुमार व वार्ड ब्वॉय अमन कुमार अस्पताल चला रहे थे।
बताया गया कि निरीक्षण के समय तक तीन मरीजों को देखा गया था। निरीक्षण के दौरान लोगों ने बताया कि, डॉ. भावना गुप्ता के बारे में अक्सर यह शिकायत मिल रही है कि वह रविवार को आयोजित होने वाले स्वास्थ्य मेले के अलावा अन्य दिनों में ड्यूटी पर नहीं आती हैं। डिप्टी सीएमओ के निरीक्षण में शिकायत की पोल खुल गई। डॉ. चौधरी ने बताया कि रिपोर्ट सीएमओ को भेजी जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सीएचसी भानपुर में दो व पीएचसी सल्टौआ में नौ मरीज देखे गए थे। सीएचसी भानपुर में खिड़की व दरवाजे टूटे हुए मिले, जिसे ठीक कराने के लिए निर्देशित किया गया है। पूछने पर मालूम हुआ कि आरबीएसके टीम फील्ड में गई हुई है। प्रभारी डॉ. सचिन मौजूद मिले। 10 मरीज देखे गए थे। एलटी ने पांच जांच किया था। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की सीएचओ मौजूद मिलीं।