दो राहगीरों के मोबाइल फोन छीनकर भागे बदमाश
बस्ती। महुली मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने दो राहगीरों के मोबाइल फोन छीन लिए। कोतवाली थाने के सोनूपार और लालगंज थाने के भुवनी के पास यह घटनाएं हुईं। 13 सितंबर के दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थाने में तहरीर देकर दुधौरा निवासी कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि 13 सितंबर को वह सोनूपार से बाजार करने के बाद रात करीब दस बजे साइकिल से गांव लौट रहे थे।
आरोप है कि बात करते वक्त उनका मोबाइल पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर छीन लिया और भाग निकले। उसी दिन लालगंज थाने के भुवनी में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने महसो निवासी मुखराम का मोबाइल फोन छीन लिया था। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि दोनों मामलों की तफ्तीश की जा रही है।