बभनान। विवाहित प्रेमिका से मिलने उसके घर बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे रात में पहुंचे प्रेमी को परिजनों और ग्रामीणों ने दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई कर दी। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आने से वह लहूलुहान हो गया। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को थाने पर गई। उधर, वायरल वीडियो में विवाहिता प्रेमिका प्रेमी के साथ रहने की बात कह रही है। हालांकि, वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र के एक गांव की एक युवती की शादी गौर थाना क्षेत्र की एक गांव में कुछ दिन पहले हुई है। आरोप है कि विवाहित युवती शादी के बाद भी प्रेमी के संपर्क में बनी रही। इस दौरान प्रेमी से युवती की फोन पर बात और चोरी-छिपे मुलाकात होती रही। रात करीब दो बजे प्रेमी अपनी प्रेमिका के ससुराल गौर थाना क्षेत्र के उसके घर पहुंच गया। रात में प्रेमी को युवती के ससुराल वालों ने पकड़ लिया। प्रेमी को मारने-पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जबकि उसकी विवाहित प्रेमिका ने वायरल वीडियो में प्रेमी अतुल सिंह के साथ जाने की बात कहती हुई सुनी जा रही है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में युवक अपना नाम अतुल सिंह महरीखावा बस्ती का रहने वाला बता रहा है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि रात में एक युवक विवाहित प्रेमिका से मिलने आया था। डायल 112 की सूचना पर पुलिस उसे थाने ले आई है। दोनों पक्ष आपस में बातचीत कर रहे हैं। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।