बहादुरपुर। कलवारी थाना क्षेत्र के बेइली गांव में सिंचाई के लिए लगाए गए पंप सेट चोरी के मामले में विवेचना के दौरान प्रकाश में आए दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। न्यायालय में पेश न होने पर विवेचक ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इंजन पंप सेट चोरी के मामले में दर्ज केस की विवेचना के दौरान मुबारकपुर, टांडा, अंबेडकरनगर निवासी मो. आजम और आमिर के नाम सामने आए थे। विवेचक रामकुंवर की तहरीर के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ 25 मई 2026 को न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। इसके बाद तीन सितंबर 2026 को न्यायालय ने धारा 82 की उद्घोषणा की। 11 सितंबर को आरोपियों के घरों पर न्यायालय का आदेश चस्पा कराने के साथ डुग्गी-मुनादी भी कराई गई।
तहरीर में बताया गया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। रोपी गिरफ्तार नहीं हुए और न ही न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। विवेचक ने इसे बीएनएस की धारा 209 का उल्लंघन बताते हुए केस दर्ज कराया है। थाना प्रभारी कलवारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज कुमार पांडेय को सौंपी गई है।