बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम के 134वें संस्करण में बस्ती जनपद के युवा आकाश गुप्ता एवं उनकी टीम द्वारा मनोरमा नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना कर पूरे जनपद को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। प्रधानमंत्री द्वारा बस्ती का नाम लिए जाने के साथ ही जिले भर में उत्साह, गर्व और हर्ष का वातावरण बन गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम के मन की बात को सुना और इसकी सराहना की।
प्रधानमंत्री ने मन की बात में कहा कि बस्ती के निवासी आकाश गुप्ता बचपन से मनोरमा नदी को स्वच्छ और जीवनदायिनी स्वरूप में देखते आए थे, लेकिन समय के साथ नदी में प्लास्टिक, जलकुंभी और अन्य कचरे का जमाव बढ़ता गया। इस स्थिति को देखकर उन्होंने शिकायत करने के बजाय स्वयं बदलाव का संकल्प लिया। शिकायत नहीं, शुरुआत को अपना मंत्र बनाकर उन्होंने अपने साथियों को जोड़ा और सीमित संसाधनों के बावजूद नदी को स्वच्छ बनाने का अभियान शुरू किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आकाश गुप्ता और उनकी टीम नियमित रूप से नदी में उतरकर जलकुंभी, प्लास्टिक तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को निकालती रही। कई बार एक ही दिन में 50 से 60 किलोग्राम तक कचरा नदी से बाहर निकाला गया। निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप मनोरमा नदी का एक बड़ा हिस्सा पुनः स्वच्छ एवं सुंदर दिखाई देने लगा। प्रधानमंत्री ने इस पहल को जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और युवा शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने कहाकि आकाश गुप्ता एवं उनकी पूरी टीम का कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है तथा यह सिद्ध करता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति से बड़े परिवर्तन संभव हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने बताया कि जिले के सभी 2312 बूथों पर कार्यकर्ताओं द्वारा मन की बात कार्यक्रम सुना गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बस्ती के युवा के कार्यों का उल्लेख किया जाना पूरे जनपद के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। यह केवल बस्ती ही नहीं, बल्कि देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश है।