रुधौली(बस्ती)। थाना क्षेत्र के गांव में शराब के नशे में धुत होकर शादी करने के लिए पहुंचे दुल्हे व उसके पिता से घरातियों का विवाद हो गया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को बुधवार की रात दोनों पक्षों को थाने पर ले आई। वहीं लड़की के पिता ने शादी से इन्कार कर दिया।
बताते चलें कि नगर पंचायत के एक वार्ड में सिद्धार्थनगर जनपद से सैयापुर पेडरा निवासी एक व्यक्ति अपने बेटे की बारात लेकर आया था। घरातियों का आरोप है कि दूल्हा और उसके पिता पूरी तरह से नशे में थे और बार-बार लड़की पक्ष के लोगों के साथ अभद्रता करते हुए गाली दे रहे थे। इसी बीच द्वार पूजा की रस्म के दौरान जब लड़की की मां दूल्हे की परछन की रस्म करने पहुंची तो शराब के नशे में धुत दुल्हे ने लड़की की मां का गर्दन पकड़ लिया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में विवाद और मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को थाने बुलाया और जहां बातचीत के दौरान लड़की पक्ष के लोगों ने शादी करने से मना कर दिया और बारात लौट गई।