बस्ती। योगी सरकार तीर्थयात्रियों को सोमनाथ मंदिर की निशुल्क यात्रा कराने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में प्रदेश के बस्ती समेत सभी जिलों से 10-10 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है, जिनमें पुजारी, उद्यमी और सफाई कर्मचारी शामिल हैं।
भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से प्रथम और सबसे पवित्र तीर्थ स्थल में शामिल सोमनाथ की यात्रा सरकार निशुल्क कराएगी, इसके लिए जनपद बस्ती से 10 तीर्थ यात्रियों का चयन किया गया है। अलग-अलग 11 श्रेणियों में श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। मंदिर के पुजारी, उद्यमी, सफाई कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक इसमें शामिल हैं। चयनित श्रद्धालु 18 अप्रैल को बस्ती मुख्यालय से रवाना होंगे। फिर, 19 अप्रैल को लखनऊ से गुजरात के सोमनाथ मंदिर की यात्रा पर रवाना होंगे। श्रद्धालुओं के प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व करने के लिए अतिरिक्त अधिकारी प्रथम राजेश यादव को नामित किया गया है।
प्रदेश से गुजरात तक यात्रा का खर्च संस्कृति विभाग उ.प्र. उठाएगा जबकि, गुजरात में आवास, भोजन व स्थानीय यातायात की व्यवस्था गुजरात पर्यटन विभाग करेगा। बताया गया कि इस साल सोमनाथ मंदिर के ध्वंस के एक हजार वर्ष (1026 में गजनवी के हमले के एक हजार वर्ष) और पुनर्निर्मित मंदिर के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है।
इसमें कई जगहों से श्रद्धालुओं को विशेष यात्राएं या कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भेजा जा रहा है। जिसमें बस्ती के 10 श्रद्धालु तीर्थयात्रा पर भेजे जाएंगे। यह यात्रा 18 अप्रैल को शुरू होगी। तीर्थ यात्री लखनऊ से गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के लिए 19 अप्रैल को रवाना होंगे। यात्रा के दौरान सोमनाथ संकल्प संवाद, लाइट एंड साउंड शो, सोमनाथ म्यूजियम, भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन, दीपोत्सव में भी तीर्थ यात्रियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। कृत्तिका ज्योत्सना की अध्यक्षता वाली समिति ने 10 श्रद्धालुओं का चयन यात्रा के लिए किया है।
गुजरात के सोमनाथ मंदिर की यात्रा के लिए अलग-अलग श्रेणियों में 10 श्रद्धालुओं का चयन करके सूची भेज दी गई है। 18 अप्रैल से श्रद्धालु मुख्यालय से यात्रा शुरू करेंगे।
- विकास नारायन, जिला पर्यटन अधिकारी, बस्ती।