बस्ती/गौर। वहशी दरिंदों की शिकार बनी किशोरी के परिवार के लोग इंसाफ की गुहार लेकर शनिवार को हर्रैया तहसील दिवस में पहुंचे। पिता ने प्रार्थनापत्र देकर अवैध जमीन पर बने कुंदन सिंह के अय्याशी के अड्डे पर बुलडोजर चलाने की मांग की। अधिकारियों को बताया कि राजस्व टीम की पैमाइश में साबित हो चुका है कि उस मकान का आधा हिस्सा चकमार्ग की जमीन पर बना है। इसके बावजूद राजस्व कानून के तहत प्रशासन उसे कब्जा मुक्त कराने में हीलाहवाली कर रहा है। दिवसाधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
दरअसल, छह जून को दरिंदगी की शिकार किशोरी का शव लेकर जब परिवार व क्षेत्र के लोग बिरऊपुर में सड़क पर प्रदर्शन कर रहे थे, उस समय तमाम लोगों ने एसडीएम गुलाब चंद्र से शिकायत की थी कि जिस मकान में दरिंदगी हुई, वह ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करके बना हुआ है। एसडीएम ने आश्वासन दिया था कि इसकी पैमाइश कराई जाएगी। इसके अगले दिन एसडीएम ने राजस्व विभाग की तीन सदस्यीय टीम बनाकर मकान की पैमाइश कराया। जिसमें पाया गया कि उस मकान का पीछे का आधा हिस्सा चकमार्ग की जमीन पर बना हुआ है। इस पैमाइश की रिपोर्ट के बाद नायब तहसीलदार ने भी पुष्टि की। इसके बाद तहसीलदार न्यायालय में धारा 115सी के तहत वाद दाखिल किया गया। जिसके तहत संबंधित पक्ष को नोटिस भेजकर अवैध कब्जे के संबंध में जवाब मांगा गया है। एसडीएम के अनुसार उसके जवाब का इंतजार किया जा रहा है।
अवैध शराब के केस में जेल में हुई पूछताछ
- मकान में अवैध शराब का जखीरा मिलने के केस में शनिवार को जेल में आरोपी कुंदन सिंह से पूछताछ की गई। गौर थाने के विवेचक राधेश्याम यादव ने उसे बैरक से बुलवाकर नियमानुसार शराब पाए जाने के मामले में करीब आधे घंटे तक पूछताछ की। वहां किस वजह से कहां से शराब लाकर रखी गई थी, अगर वह इसका अवैध धंधा करता है तो उसके गिरोह में कौन-कौन शामिल है,इसका भी जवाब मांगा गया। हालांकि इन सवालों का उसने क्या जवाब दिया, इसे बताने से विवेचक बचते रहे। तीन दिन पहले घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान विवेचक रामेश्वर यादव ने 225 पाउच देशी शराब बंटी बबली व 42 पाउच अंग्रेजी शराब गत्ते में बरामद की थी।
-
एक सिपाही पर कार्रवाई के बाद गठजोड़ की फाइल क्लोज
- आरोपी कुंदन से पुलिस के गठजोड़ की जांच कर रहे सीओ हर्रैया ने एक सिपाही को लाइन हाजिर करने के बाद करीब-करीब फाइल क्लोज कर दी है। उनका कहना है कि वह सिपाही फोटो में आरोपी के साथ कमरे में सोफे पर बैठा नजर आया था। अन्य फोटो जिसमें कई सिपाही ग्रुप फोटो में नजर आ रहे हैं,उनके बारे में सीओ का कहना है कि किसी कार्यक्रम आदि में कई लोग साथ में फोटो खिंचवा लेते हैं।
-
पांच जून को बिरऊपुर में हुई थी घटना
घर से सब्जी लाने निकली गौर थानाक्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी का एक किलोमीटर दूर बिरऊपुर के पास पांच जून को खून से लतपथ शव मिला था। पोस्टमार्टम में उसके साथ दरिंदगी की बात सामने आई थी। इसी के बाद जनपद का तापमान गर्म हो गया। पोस्टमार्टम में अप्राकृतिक दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने केस में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो की धारा को शामिल किया। इस मामले में राजन निषाद, कुंदन सिंह और एक नाबालिग को नामजद किया गया। तीनों आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। मामले की विवेचना परशुरामपुर के एसएचओ रामेश्वर यादव कर रहे हैं।