इस बीच मेहताब रोजगार के सिलसिले में बंगलूरू आता-जाता रहा। जानकारी के मुताबिक नाजिया के शादी के प्रस्ताव पर मेहताब किन्हीं वजहों से पीछे हटने लगा। वहीं, नाजिया ने मेहताब के साथ ही जीने-मरने की कसमें खा ली थीं और उसी से निकाह की जिद पर अड़ी रही।
मेहताब की बेरुखी देख कोई राह नहीं सूझी तो बीते 12 मई को वह वाल्टरगंज क्षेत्र में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। मेहताब से शादी की जिद दोहराते हुए टॉवर से कूदकर जान देने की धमकी देती रही। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर पुलिस टीम उसे उतार सकी थी।
बात बनती न देख बीते रविवार को नाजिया एक बार फिर रुधौली क्षेत्र में स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। जानकारी पर पुलिस अधिकारी पहुंचे तो उसने रिश्ते की बात तय होने पर ही उतरने का ऐलान कर दिया।
इसके बाद रुधौली के थानेदार संजय दुबे आनन-फानन में संतकबीरनगर स्थित मेहताब के गांव पहुंचे और उसके पिता से वीडियो कॉल पर नाजिया की बात कराई थी। मेहताब से निकाह कराने का वादा मिलने पर नाजिया टॉवर से उतरी थी। मंगलवार को मेहताब बंगलूरू से घर लौटा और रुधाली थाने के बगल में स्थित मस्जिद में दोनों परिवारों की मौजूदगी में निकाह पढ़ाया गया।