नगर बाजार (बस्ती)। चकबंदी के दौरान गांवों में बढ़ते विवाद और विभागीय परेशानियों, फिजूलखर्च को देखते हुए सदर ब्लॉक के बढ़नी गांव के काश्तकार ने हाथ खड़ा कर दिया। बढ़नी के पंचायत भवन परिसर में शनिवार को राजस्व कर्मियों व पुलिस की मौजूदगी में चकबंदी कराने या न कराने को लेकर मतदान कराया गया। जिसमें ज्यादातर काश्तकारों ने चकबंदी कराने के खिलाफ मतदान किया। कुल 490 काश्तकार ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 96 काश्तकारों ने चकबंदी कराने के पक्ष में और बाकी 394 लोगों ने विरोध में मतदान किया। चकबंदी अधिकारी मुंडेरवा लाल बहादुर सिंह ने बताया कि तीन चौथाई काश्तकारों ने चकबंदी न कराने के पक्ष में हस्ताक्षर युक्त मतदान किया है। इनकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। शासन तय करेगा कि गांव में चकबंदी हो अथवा नहीं।
कुछ ग्रामीणों का कहना था कि गांव में अधिकतर छोटे किसान हैं। जो खेती किसानी और मेहनत मजदूरी कर अपना जीवन गुजर बसर कर रहे हैं। शुरू से ही चकबंदी का विरोध कर रहे हैं। चकबंदी होने के बाद कृषकों के चक बदल जाएंगे। जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों का तर्क है कि गांव में हर सुविधा मौजूद है।जिससे चकबंदी कराने का कोई जरूरत नहीं है। इस मौके पर सहायक चकबंदी अधिकारी मोहित कुमार मिश्रा,कानूनगो श्याम देव,लेखपाल शशिकांत वर्मा, लेखपाल जितेंद्र श्रीवास्तव, सुरेंद्र यादव व नगर पुलिस समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।