भदावल गांव में हुई चोरी की घटना में टूटी आलमारी व बिखरा सामान-संवाद
हरैया। क्षेत्र के भदावल गांव निवासी एक व्यक्ति के घर को चोरों ने उस समय निशाना बनाया जब परिजन बस्ती शहर के डमरुआ में बने नए मकान के गृह प्रवेश कार्यक्रम पर आयोजित भंडारे में शामिल होने गया था। रात में जब गृह स्वामी घर आया तो मेन दरवाजे पर लगे ताले की कुंडी कटी देखकर दंग रह गया। अंदर पहुंचा तो टूटी आलमारी, बक्से व बिखरे कपड़े और सामान देख होश उड़ गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज किया है।
गांव निवासी अजीत उर्फ योगेश के पिता राम प्रकाश सिंह शिक्षक थे। उनकी मृत्यु के बाद अजीत परिजनों के साथ गांव में बने मकान में रहते है। इस बीच उन्होंने बस्ती शहर के डमरुआ में जमीन खरीदकर नया मकान का निर्माण कराया है। उसी मकान के गृह प्रवेश कार्यक्रम 16 अप्रैल को था। पूजा पाठ के बाद शाम को आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए उनके रिश्तेदार व सगे संबंधी पहुंचे थे। रात में भंडारा समाप्त होने के बाद अजीत रात में करीब 12 बजे जब गांव वाले घर पर पहुंचे तो सामने के दरवाजे पर लगे ताले को कटा देख दंग रह गए।
अनहोनी की आशंका में जब अंदर दाखिल हुए तो कमरों का नजारा देख होश उड़ गए। आलमारी तोड़कर उसने रखा जेवर व नकदी चोर उठा ले गए थे। इसके अलावा अन्य कमरों में भी चोर बक्सों को तोड़कर अंदर रखे कीमती कपड़े व बर्तन भी चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार कार्यक्रम में शामिल होने आई महिला रिश्तेदारों के भी कुछ जेवर गायब हुए हैं। घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद शुक्रवार सायं को थाने जाकर घटना की तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि पीड़ित की सूचना पर प्राथमिकी दर्ज किया गया है। सीओ हरैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए विशेष पुलिस दल गठित किया गया है। शीघ्र ही इसका खुलासा हो जाएगा।
तीन युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
भदावल गांव में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने गांव के ही तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। संदिग्धों में एक का घर पीड़ित के घर से सटा हुआ है। पुलिस अभी इस बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।