जिला अस्पताल पैथालॉजी में ब्लड सैंपल कलेक्शन करते कर्मी संवाद
बस्ती। मौसम में उतार-चढ़ाव और बढ़ते प्रदूषण का असर बच्चों की सेहत पर पड़ने लगा है। ठंड बढ़ने के साथ छोटे बच्चों में ब्रोंकियोलाइटिस और निमोनिया का खतरा बढ़ रहा है। जिला अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में पहुंचने वाले करीब 40 से 50 प्रतिशत बच्चे सांस संबंधी दिक्कतों से पीड़ित हैं। हालत गंभीर होने पर रोजाना दो से चार बच्चों को इमरजेंसी में भर्ती करना पड़ रहा है। एक साल से कम उम्र के शिशुओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि ब्रोंकियोलाइटिस फेफड़ों की छोटी श्वसन नलियों में सूजन और बलगम जमा होने से होने वाला संक्रमण है। इसका प्रमुख कारण रेस्पिरेटरी सिंसिटियल वायरस (आरएसवी) है। यह संक्रमण आमतौर पर दो साल से कम उम्र के बच्चों को प्रभावित करता है। शुरुआत में नाक बहना, नाक बंद होना और हल्का बुखार जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। बाद में खांसी, तेज सांस चलने और छाती में घरघराहट की समस्या हो सकती है। एक साल से कम उम्र के बच्चों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। ओपीडी में अभी 140 से 150 बच्चे आ रहे, पहले 120 से 130 बच्चे थे।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज शुक्ला ने बताया कि ज्यादातर बच्चे उचित देखभाल से ठीक हो जाते हैं। अभिभावक बच्चों को नियमित रूप से स्तनपान कराते रहें और जरूरत के अनुसार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बार-बार दूध पिलाएं। नाक बंद होने पर चिकित्सक की सलाह से सलाइन ड्रॉप्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। बिना डॉक्टर की सलाह के खांसी की दवा और एंटीबायोटिक देने से बचें। बच्चों को सर्दी-जुकाम से पीड़ित लोगों से दूर रखें और उन्हें छूने से पहले हाथ साफ करें।
डॉ. रामललित चौधरी ने बताया कि प्रदूषण और तापमान में गिरावट के कारण बच्चों में सांस संबंधी शिकायतें बढ़ी हैं। सर्दी-जुकाम के बाद कुछ बच्चे निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल के पीआईसीयू में इस समय बुखार, निमोनिया और दस्त से पीड़ित पांच बच्चे भर्ती हैं, जबकि चिल्ड्रेन वार्ड में सामान्य बीमारियों से पीड़ित 21 बच्चे भर्ती हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल के ओपीडी में 976 मरीज आए, जिनका उपचार हुआ।