फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: पुलिया बनाने के चक्कर में ओवरफ्लो हो गया नाला... मोहल्लों में जलभराव

Thu, 08 Jun 2023 12:30 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
मालवीय रोड पर निर्माणाधीन पुलिया। 
विज्ञापन
बस्ती। बारिश का मौसम अभी बाकी है। शहर में दुर्दशा की झलक अभी से दिखने लगी है। मालवीय मार्ग पर पुलिया बनाने के चक्कर में मुख्य नाले के पानी का बहाव मिट्टी पाटकर रोक दिया गया है। चार दिन बीत गए कार्य की प्रगति दिन भर चले ढाई कोस की तरह है। इधर, नाला ओवरफ्लो होने लगा। पहले आसपास के मोहल्लों में खाली जगहों पर और अब घरों में नाले का गंदा घुसने लगा है। बिन बरसात हुए नागरिकों को यह मुसीबत झेलना भारी पड़ रहा है। लोग गंदे पानी से उठ रहे दुर्गंध की वजह से घरों में रह नहीं पा रहे हैं।
विज्ञापन

मालवीय मार्ग पर मुख्य नाले की पुलिया सड़क चौड़ीकरण के बाद से सकरी हो गई थी। नगर पालिका परिषद की ओर से 2022 में यहां नई पुलिया का निर्माण शुरू कराया गया। लेकिन, दो साल बीतने के बाद भी यह कार्य पूर्ण नहीं हो सका। मुख्य मार्ग का आवागमन लगातार बाधित चल रहा है। पुलिया के दो खंड जैसे-तैसे तैयार किए गए। बीच का हिस्सा छोड़ दिया गया था। इसको लेकर कई बार आवाज उठी। नगर पालिका ने पुलिया के तीसरे खंड का निर्माण शुरू कराया। चार दिन पहले मुख्य मार्ग पर जेसीबी लगाकर सड़क के बीचोबीच स्थित पुरानी पुलिया के बचे हिस्से को तोड़ दिया गया। शहर के गांधीनगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों के गंदे पानी का बहाव करने वाले मुख्य नाले का यहां डायवर्जन नहीं किया गया। अलबत्ता मिट्टी पाटकर उसके बहाव को रोक दिया गया। यह तब होना था जब रातोरात शेष पुलिया का निर्माण पूरा कर लिया जाता, लेकिन कार्य में लेटलतीफी के चलते चार दिन के भीतर ही शहर में जलभराव का संकट गहरा गया। मालवीय मार्ग के दक्षिण तरफ मुख्य नाला उफान मारने लगा है। ओवरफ्लो होकर नाले का गंदा पानी मोहल्ले में पसरा हुआ है। वहीं आसपास के कुछ घरों में नाले का पानी घुस गया है। इस दुश्वारी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।

यहां भर गया हैं नाले का गंदा पानी
निर्माणाधीन पुलिया के चलते पिकौरा शिवगुलाम मोहल्ले के कुछ घरों में नालियों के रास्ते उल्टा नाले का गंदा पानी पहुंच रहा है। प्रमुख नाले के आसपास के कई घरों में यह समस्या खड़ी हुई है। गंदे पानी के बीच लोगों को रहना पड़ रहा है। वहीं जयपुरवा आंशिक, कटेश्वरपार्क के पीछे आबादी क्षेत्र में खुले मैदान में नाले का पानी ओवरफ्लो होकर इकट्ठा हो गया है। यहां से दुर्गंध उठ रही है। इससे मोहल्लेवासी परेशान हैं। इससे बचने के लिए घरों के दरवाजे बंद रखे जा रहे हैं। मुख्य नाम जाम होने से गांधीनगर क्षेत्र के मालीटोला, सब्जी मंडी, पिकौरा दत्तूराय, दरिया खां, इंदिरानगर आदि मोहल्लों से निकलने वाले गंदे पानी का बहाव नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों में आक्रोश है।
विज्ञापन


बारिश हुई तो गहराएगा संकट
इस बीच यदि बारिश हो गई तो जलभराव का संकट गहरा जाएगा। मुख्य नाले का बहाव रोक दिए जाने से गली-मोहल्लों में पानी भर जाएगा। इसमें नाले और नालियों का गंदा पानी मिश्रित रहेगा। जिससे संक्रामक बीमारी फैलने का भी खतरा बढ़ जाएगा। बावजूद पुलिया निर्माण तेजी नहीं लाई जा रही है। पुरानी पुलिया तोड़ने के चार दिन बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। यदि कार्य की गति धीमी बनी रही तो अगले दो दिनों में शहर की स्थिति और बिगड़ जाएगी।

मुख्य नाले का बहाव अचानक मिट्टी पाटकर रोक देना गैर जिम्मेदाराना रवैया है। पुलिया निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है। पहले नाले का रूट डायवर्जन होना चाहिए था। इससे नागरिकों को जलभराव के संकट से नहीं जूझना पड़ता। इस अव्यवस्था से हम लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया है। इसका तत्काल निदान होना चाहिए। -सुनील सिंह, पिकौरा शिवगुलाम

यह पुलिया दो साल से नहीं बन पा रही है। मुख्य नाला और प्रमुख मार्ग पर पुलिया बनाए जाने को लेकर पहले पूरी तैयारी होनी थी। तब नाले का बहाव रोककर रातोरात निर्माण कर दिया जाता। एक, दो दिन बाद नाले को खोल दिया जाता समस्या नहीं होती। लेकिन यहां तैयारी कुछ नहीं थी। पुरानी पुलिया तोड़कर नाले का बहाव रोक दिया गया। अब खामियाजा नागरिक भुगत रहे हैं। -राजेश श्रीवास्तव, जयपुरवा।

मालवीय मार्ग पर पुलिया का निर्माण शुरू करा दिया गया है। ठेकेदार को तेजी के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। चूंकि मुख्य मार्ग और मुख्य नाले की पुलिया है इसलिए थोड़ी समस्या खड़ी हुई है। एक दो दिन में स्थिति ठीक हो जाएगी। -दुर्गेश्वर त्रिपाठी, ईओ, नगर पालिका परिषद, बस्ती।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें