पैकोलिया थानाक्षेत्र के बेलसड़ गांव में गन्ने के खेत में शव मिलने पर जांच करने पहुंची पुलिस।
बस्ती। पैकोलिया थानाक्षेत्र के मुसहा तिराहे पर स्थित प्राथमिक विद्यालय के बगल गन्ने के खेत में रविवार दोपहर में युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पाया गया। शरीर पर चोट या खरोंच के निशान नहीं मिले। मृतक के भाई का कहना है कि शनिवार रात को बहन की ससुराल से लौटे थे, मगर घर नहीं पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने विद्यालय के पीछे बेलसड़ गांव निवासी श्यामू के गन्ने के खेत में शव देखकर आसपास के लोगों को सूचना दी। आसपास के लोगों ने इसी थानाक्षेत्र के ऐनपुर गांव निवासी 36 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में शव की शिनाख्त की। पुलिस ने उनके परिवार को करीब दो बजे सूचना दी। मौके पर पहुंचे मृतक के भाई पवन कुमार ने बताया कि प्रदीप कुमार शराब पीने का आदी थे। वह अपनी पत्नी शकुंतला देवी और पुत्रियों 16 वर्षीय कशिश तथा 14 वर्षीय जाह्नवी के साथ दिल्ली में रहते थे। वह तीन माह पहले परिवार के साथ घर आए थे। तब से घर पर ही रह रहे थे। वह शनिवार को पतिला गांव अपनी बहन की ससुराल गए थे। वहां से पता चला कि शनिवार रात को ही वहां से घर के लिए निकल गए थे। रविवार को प्रदीप कुमार का गन्ने के खेत में शव मिला है। थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।