घर लाया गया युवक का शव, मचा कोहराम
बभनान (बस्ती)। पैकोलिया थाना क्षेत्र के सरनागी गांव के युवक की संतकबीरनगर जिले के धनघटा में शनिवार को मौत हो गई थी। रविवार को उसका शव गांव लाया गया तो कोहराम मच गया।
उसकी पत्नी, माता-पिता व बच्चों का करुण क्रंदन सुनकर लोगों की आंखें नम हो गईं। शनिवार को रामजानकी मार्ग पर धनघटा थाना क्षेत्र के सिरसी गांव के समीप कटा पेड़ खींचते समय ट्रैक्टर पलट गया था। उसकी चपेट में आ जाने से 32 वर्षीय अखिलेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैसर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहां ले जाते समय अखिलेश शर्मा ने दम तोड़ दिया था। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में लाया गया। अखिलेश तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में माता-पिता, बाबा के अलावा पत्नी, एक बेटा और बेटी है।