कारागार पहुंचीं डीएम, बैरकों में खलबली
बस्ती। कारागार के चीफ वार्डेन पर जानलेवा हमला, बंदी के आत्महत्या करने की कोशिश जैसी चौंकाने वाली घटनाएं सामने आने के बीच शुक्रवार को डीएम माला श्रीवास्तव की अगुवाई में प्रशासनिक अमला जिला कारागार जा धमका। डीएम ने भोजन नाश्ता वितरण, बंदियों के इलाज और महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में गहनता से जानकारी ली।
इलाज करा रहे कैदियों का रजिस्टर दुरुस्त न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। बंदी राजा राम और राम शुक्ला से तबीयत के बारे में पूछा। डीएम ने जेलर से कैदियों को खाना दिए जाने का समय भी पूछा। जगह-जगह प्लास्टिक के गिलास बिखरे हुए थे, उसे कूड़ादान में ही डालने का निर्देश दिया। कारागार के अंदर जल निकास व्यवस्था अस्त-व्यस्त पाए जाने पर दिशा-निर्देश दिए। दो बच्चों के साथ रह रही महिला बंदी पूजा से उसका हालचाल पूछा। जेलर सतीश चंद्र मिश्रा को नाली की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए।