धनतेरस पर शहर की सड़कों का हाल रहा बेहाल- संवाद
बस्ती। धनतेरस के दिन बाजार में भीड़ बढ़ती गई। गांधीनगर और पुरानी बस्ती बाजार में दोपहर इस हद तक भीड़ हुई कि समूचा दृश्य मेले जैसा हो गया। इस वजह से शहर से जुड़ने वाले अन्य मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। मालवीय मार्ग, रोडवेज, अस्पताल चौराहा, पचपेड़िया मार्ग पर दिन भर जाम लगा रहा। प्रमुख चौराहों और नुक्कड़ों पर पुलिस को आवागमन बहाल रखने के लिए पसीना बहाते देखा गया।
त्योहार की वजह से रूट डायवर्जन लागू होने के बाद भी पुलिस ग्राहक और कारोबारियों को सहूलियत देने के पूरे मूड में दिखी। गांधीनगर में गश्त कर रही पुलिस की टीम किसी से टोकाटाकी करने के बजाय वाहनों को सड़क के किनारे या बीचोबीच व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने का अनुरोध करती रही। जीआईसी से लेकर कंपनी बाग तक सड़क के बीच में खाली जगह वाहनों ठसाठस भरी रही।
लोग दो पहिया, चार पहिया वाहनों को खड़ी कर खरीदारी करते नजर आए। वहीं मालवीय मार्ग पर शहरी आवागमन का दबाव दिन भर बढ़ा रहा। रौता चौराहा पर चारों तरफ से आवागमन होने के कारण कई बार जाम लगा रहा। फव्वारा तिराहे पर भी यही स्थिति रही। चार पहिया वाहनों की लंबी कतार के बीच से होकर निकलना दो पहिया वाहन सवारों के लिए कठिन हो गया था।
स्कूटी सवार रागिनी ने बताया कि इस बार धनतेरस के दिन पुलिस के चलते आवागमन में काफी सहूलियत मिल रही है। पुलिस आमजन की काफी मदद भी कर रही है। वहीं पचपेड़िया मार्ग और अस्पताल चौराहा पर भी भीड़ के चलते जाम की स्थिति बनी रही लेकिन पुलिस की सक्रियता से कुछ देर बाद आवागमन बहाल होता रहा।