स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत सरकार की ओर से ऐसे परिवार जो शौचालय निर्माण कर उसका प्रयोग कर रहे हैं उन्हें स्नानगृह (बाथरूम) की सुविधा दी जाएगी। एक परिवार को 17 हजार से अधिक की धनराशि बाथरूम के निर्माण के लिए मिलेगी।
जनपद में कुल 10 ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बाथरूम की सुविधा दी जाएगी। जिला स्वच्छता समिति की बैठक के बाद इस सुविधा के लिए पांच समग्र ग्राम विक्रमजोत ब्लॉक के फूलडीह, हर्रैया विकास खंड के पुरैना खास, परशुरामपुर विकास खंड के गन्नीपार, कड़सरा और बनगंवा खास को चयनित किया गया। इसके अलावा पांच सामान्य ग्राम पंचायत परशुरामपुर विकास खंड के धुरदा, पड़री बाबू, नगर बहेरा, पिकौरा भांट और सोनहटी का चयन योजना के लिए किया गया।
चयनित ग्राम पंचायतों में बैठक कर कुल 1855 लाभार्थियों का चयन किया गया जिन्हें अब बाथरूम की सुविधा के लिए धनराशि का आवंटन किया जाना है। एक बाथरूम के 17247 रुपये लाभार्थी को दिए जाएंगे। यह धनराशि ग्राम पंचायत के खाते ग्राम निधि सात में भेजी जाएगी। ऐसे में अधिकारियों की ओर से ग्राम पंचायतों को अविलंब ग्राम निधि सात खाता खुलवाने के निर्देश दिए गए है।