गनेशपुर (बस्ती)। मूड़घाट-दुबौला मार्ग पर वन विहार के पास पुलिया की दीवार छह माह पहले ढह गई थी। लेकिन अब तक दीवार नहीं बन सकी गई। ऐसे में राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। रात में इधर से गुजरने में समस्या होती है।
जानकारी के अनुसार, छह माह पहले इस मार्ग पर दुबौला से बस्ती की तरफ लोड ट्रक आ रहा था। वन विहार के पास बनी पुलिया पर ट्रक की ठोकर से दीवार ढह गई थी। ट्रक भी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया था। जिम्मेदारों ने पुलिया के किनारे बोरे में मिट्टी भरकर रखवा दिया, लेकिन दीवार का निर्माण कराना भूल गए।
बड़े वाहन जब पुलिया के पास पहुंचते हैं तो उन्हें दूसरे वाहनों को साइड देने में परेशानी होती है। आए दिन यहां राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। राहगीर राहुल ने बताया कि पुलिया की ढही दीवार को अब तक सही नहीं बनाया गया। सत्यम ने पुलिया की दीवार के निर्माण की मांग की है। पीडब्लूडी के सहायक अभियंता पंकज सिंह ने कहा कि पुलिया की दीवार बनवाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द ही स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया जाएगा।