गांधीनगर, पुरानी बस्ती क्षेत्र में सजाया गया पूजा पंडाल
- घरों में हो रही विघ्नहर्ता की पूजा, बना भक्तिमय महौल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जहां देखों वहीं गणेश उत्सव की धूम है। चौक- चौराहों और मुख्य बाजार में पूजा पंडाल सजाए गए हैं। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से शहर और कस्बे गूंज रहे हैं। घरों में विघ्नहर्ता की मूर्तियां रखकर पूजा- अर्चना रोजाना की जा रही है। माहौल पूरी तरह से भक्ति मय बना हुआ है।
शहर का कंपनीबाग चौराहा गणेश उत्सव के चलते रंगबिरंगी इलेक्ट्राॅनिक झालरों से सज गया है। यहां भव्य तोरणद्वार के साथ पूजा पंडाल स्थापित किया गया है। इसमें स्थापित विघ्नहर्ता एवं अन्य देवी देवताओं की सुबह- शाम पूजा- अर्चना और आरती के बाद ही अन्य कार्यों का श्रीगणेश हो रहा है। पंडाल में भजन, कीर्तन की धूम मची हुई है। शाम ढलने के बाद श्रद्धालु मूर्तियों का दर्शन करने पहुंच रहे हैं। गॉधीनगर क्षेत्र में मुख्य मार्ग के किनारे आधा दर्जन पूजा पंडाल सजाए गए हैं। इसी तरह मंगल बाजार, पांडेय बाजार समेत पुरानी बस्ती क्षेत्र और मालवीय मार्ग पर भी गणेश उत्सव की धूम मची हुई है। छोटे- बड़े पूजा पंडालों में महिलाए, बच्चे, पुरुष अटूट श्रद्धा के साथ दर्शन करने पहुंच रहे हैं। श्री गणेश जी की आरती और भोग लगने तक तो लोग मौजूद रह रहे हैं। प्रसाद वितरण के बाद ही लोग पंडाल से अपने घरों को लौट रहे हैं। जगह- जगह पंडालों में श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया की जयघोष करते नजर आ रहे हैं।
139 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित
- गणेश उत्सव पर जिले भर में 139 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। प्रमुख गणेश पंडालों पर पुलिस की तैनाती की गई है। कोतवाली थानाक्षेत्र में सर्वाधिक 35 प्रतिमाएं और सबसे के कम दो-दो प्रतिमाएं रुधौली व सोनहा थानाक्षेत्र में स्थापित की गई हैं। पुरानी बस्ती 27, वाल्टरगंज 4, हर्रेया 6, छावनी 3, परसरामपुर 13, पैकोलिया 9,गौर 6, कलवारी 2,नगर 15, कप्तानगंज 4, दुबौलिया 5, मुंडेरवा व लालगंज थानाक्षेत्र में तीन-तीन स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। देर रात तक किसी भी पंडाल में लाउडस्पीकर व डीजे नहीं बजाए जाने के संबंध में प्रशासन व पुलिस की ओर से निर्देश दिए गए हैं। समिति के सदस्यों को अपने नाम नंबर थाने दर्ज कराए जा रहे हैं। प्रतिमा की सुरक्षा के लिए वॉलेंटियर नियुक्त करने को कहा गया है। रात में गणेश पंडाल के पास कम से कम दो वॉलेंटियर रहना अनिवार्य है। कार्यक्रम स्थल में सीसी कैमरे आवश्यकतानुसार रखें। समिति के सदस्यों की सूची व मोबाइल नंबर संबंधित थाने को दिया जाए । एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि गणेश पंडाल के आसपास कोई भी व्यक्ति नशा कर उपस्थित नहीं होगा। गणेश पंडाल के पास अग्निशामक यंत्र एवं रेत की बाल्टी रखनी होगा। गणेश पंडाल में सीसी कैमरा लगाना व डीजे के लिए संबंधित अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है।