पुरानी बस्ती। दिवाली और छठ मनाने के बाद अब महानगरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। दिसंबर तक कई ट्रेनों में आरक्षित सीटें उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
त्योहार की छुट्टियां बीतने के बाद लोग अपने कामकाज पर लौटने की तैयारी में जुट गए हैं। हालांकि सोमवार को बस्ती रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की कोई खास भीड़ नजर नहीं आई, लेकिन आने वाले दिनों में वापसी करने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है। नियमित ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को तत्काल टिकट या दूसरे विकल्पों का सहारा लेना पड़ सकता है।
खासकर उन लोगों की परेशानी बढ़ सकती है, जिन्हें निर्धारित समय पर नौकरी पर पहुंचना है। अप और डाउन ट्रेनों में भीड़ बरकरार है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान महानगरों से घर आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया था। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुगम यात्रा उपलब्ध कराना था।