फोरलेन पर डायवर्जन के बावजूद कई चौराहों पर लग रहा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शासन-प्रशासन के अनुमान से कहीं ज्यादा श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या में उमड़ पड़ा। ऐसे में जिले के तमाम मार्गों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। माघ पूर्णिमा पर बुधवार को इससे कहीं ज्यादा भीड़ होने का अनुमान है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन चौकन्ना है। हालांकि, व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं।
फोरलेन पर डायवर्जन के बावजूद शहर के पास मंगलवार की देर शाम तक लंबा जाम नजर आया। कुछ छोटे वाहनों को अयोध्या की तरफ जाने की छूट दी जा रही है, मगर दूसरे मार्गों से होकर भी तमाम वाहन बीच-बीच में पहुंच रहे हैं। कलवारी चौराहा, फुटहिया, कप्तानगंज, छावनी से राम जानकी तिराहा आदि पर भारी भीड़ देखी गई।
लगातार चल रहे डायवर्जन और भीड़ से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। फुटहिया ओवरब्रिज से कलवारी-टांडा मार्ग पर भारी वाहन (ट्रक, कंटेनर, मालवाहक) जो लखनऊ, सीतापुर, मुरादाबाद, झांसी, दिल्ली, राजस्थान की तरफ जाने वाले हैंं को डायवर्ट कराकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से आगे के लिए भेजा जा रहा है।
विक्रमजोत संवाद के अनुसार, बड़े वाहनों के आवागमन पर पूर्ण पाबंदी लगाई गई है। हाईवे के परशुरामपुर थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी घघौवा के प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि माघी पूर्णिमा स्नान को लेकर अभी और भीड़ बढ़ने की संभावना है। हाईवे पर डायवर्जन पूरी तरह लागू है। हाईवे पर रोज आने वाले जैसे स्कूली शिक्षकों, अन्य सरकारी और आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को ही आवागमन मिल रहा है। बड़े वाहनों को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया गया है।