बस्ती। बनकटी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेहिल में मानकविहीन बनी सीसी सड़क को विभाग ने जांच टीम की रिपोर्ट पर रिजेक्ट कर दिया है। साथ ही अब ठेकेदार को फिर से सीसी रोड के निर्माण का निर्देश जारी किया है। इसके साथ संबंधित जेई अशोक कुमार विश्वकर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बनकटी की ग्राम पंचायत बेहिल निवासी गंगाराम ने आईजीआरएस पर शिकायत किया कि ग्राम पंचायत के राजस्व गांव हटवा में पीडब्ल्यूडी विभाग ने हरिमोहन सिंह के घर से बाबूराम गौतम के घर तक सीसी रोड का निर्माण गुणवत्ता विहीन कराया है। सीसी रोड की मोटाई छह इंच से कम है। यहीं पर दूसरा कार्य राजाराम के घर से मंजूर के घर तक रोड बनना है। आरोप था कि गुणवत्ताविहीन कार्य होने के समय शिकायत किया तो जेई ने जवाब दिया था कि विरोध करेंगे तो काम नहीं कराएंगे।
इस मामले में गंगाराम ने जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। यह शिकायत 30 जनवरी 2026 को हुई थी। गंगाराम की शिकायत पर 28 फरवरी को विभाग ने यह कहते हुए रिपोर्ट लगा दिया कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। शिकायतकर्ता ने निगेटिव फीडबैक देते हुए जांच की मांग की। उसके बाद एक मार्च को टीम ने जांच कर रिपोर्ट दिया कि सीसी रोड की मोटाई छह इंच पाई गई, जो स्वीकृत एस्टीमेट के अनुसार सही है। रिपोर्ट को एक्सईएन पीडब्लूडी निर्माण खंड-वन और एसई ने अग्रसारित किया।
शिकायत निस्तारण पर आवेदनकर्ता ने फिर निगेटिव फीडबैक दिया। इस पर दोबारा मौके की जांच हुई। जांच रिपोर्ट में टीम ने बताया कि बस्ती-महुली मार्ग पर बनी सीसी रोड की मोटाई कुछ स्थानों पर कम पाई गई। दूसरी बार जांच में शिकायत सही पाई गई। एक्सईएन पीडब्लूडी निर्माण खंड ने आदेश जारी कर बेहिल में हुए सीसी रोड कार्य को रिजेक्ट कर दिया।