कप्तानगंज (बस्ती)। नशे में धुत कार सवारों को टक्कर मारने के बाद दबंगई करना महंगा पड़ गया। ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी। उसके बाद वहां से एक वृद्ध कार चालक को रोककर मारने की कोशिश की। यहां भी ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। अपने को घिरता देखकर कार सवार भाग निकले। कार सवार बस्ती शहर और आसपास गांव के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के मूड़घाट चौराहे पर शुक्रवार की शाम चार बजे दो कार की आपस में टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि एक कार में सवार आधा दर्जन से अधिक नशे में धुत युवकों ने दूसरे कार सवार पर हमला बोल दिया। आसपास के लोग जुट गए और बीच-बचाव का प्रयास किया तो मनबढ़ हाथापाई पर उतारू हो गए।
इस पर ग्रामीणों ने मनबढ़ोंं की जमकर पिटाई कर दी। उसके बाद मनबढ़ युवकों ने कार लेकर लखनऊ जा रहे बुजुर्ग को कप्तानगंज क्षेत्र के गड़हा गौतम गेट के सामने रोककर चाभी निकाल ली और धमकी देते हुए चालक से रुनपये की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने वहां से भी इन्हें खदेड़ा। पुलिस को घटना की सूचना नहीं है। संवाद