पीएचसी व ब्लॉक मुख्यालय आने जाने में हो रही कठिनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
टिनिच। कुआनो नदी पर बने पक्के पुल का एप्रौच रखरखाव व मरम्मत के अभाव में टूट चुका है। जिससे राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन कोई न कोई राहगीर एप्रोच पर गिरकर चोटिल होता रहता है।
उल्लेखनीय है कि सल्टौआ ब्लाॅक मुख्यालय से आमा न्याय पंचायत को जोड़ने वाले इस पुल का निर्माण सेतु निगम ने 2009 में कराया था। पुल के दोनों तरफ एप्रोच का निर्माण पीडब्ल्यूडी ने कराया था। हर साल यह एप्रोच बारिश के समय टूट जाता है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर यहां मिट्टी व ईंट डालकर पटाई कर दिया जाता है। लेकिन स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता है।
यह पुल आमा, शिवगढ़, शिवपुर, बेलवाडाड़, टिनिच शुक्ल, चेतरा, सेवाई, बसहिया, खड़सरपुर, साड़ी हिच्छा, पचलौरिया, घुरहूपुर बोधपुर, भदना, बजहिया, डिगर भरिया बैरवा, बगलवा, धनघटी आदि गांव के लोग पीएचसी, ब्लॉक मुख्यालय इसी मार्ग से आते जाते हैं। स्थानीय निवासी संत प्रकाश सिंह, रामसागर, राधे श्याम यादव, श्रीराम पांडेय, रामदीन शुक्ल, भारत चौधरी आदि ने बताया कि एप्रोच इतना खराब है कि पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। बीडीओ अनिल कुमार यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजकर इसे ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।