यूपी बोर्ड परीक्षा : कड़ी सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे पश्नपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही है। बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए इस बार पूरे जनपद को चार जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है। जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। छह सचल दल की टीमों का गठन हुआ है।
जिले में 401 विद्यालय यूपी बोर्ड से संचालित होते हैं। वर्ष 2024 में बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल में 42166 और इंटर में 36711 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। बोर्ड ने परीक्षा के लिए 122 केंद्र बनाए हैं। परीक्षा में नकल रोकने के लिए पूरे जिले को चार जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है। इसके लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनात की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
इसके अलावा छह सचल दल का गठन हो चुका है। साथ प्रदेश स्तर पर गठित उड़ाका दल की टीम भी जिले में छापा मारेगी। सोमवार को जीआईसी में बने कोठार से परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में प्रश्न पत्रों को पहुंचाया गया है। केंद्रों पर डबल लॉक अलमारी में रखा जाएगा। इसकी निगरानी 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे से की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश शुक्ला ने बताया कि हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा लेकर विभाग ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए चार जोनल मजिस्ट्रेट,16 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 122 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। छह सचल दल की टीम गठित किया गया है। जो परीक्षा केंद्रो की जांच करेंगी।
सभी केंद्रों पर एक केंद्र व्यवस्थापक कॉलेज से और एक केंद्र व्यवस्थापक बाहरी होगा। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर होगी। यदि कहीं पर कोई गड़बड़ी मिली तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।