पट्टीदार की छत पर मिला युवक का शव
भानपुर (बस्ती)। सोनहा थाने के ग्राम पंचायत नरखोरिया में छत पर सोए 30 वर्षीय रामचरन चौरसिया का शव बगलगीर की छत पर लहूलुहान हालत में पाया गया। चार वर्ष की बेटी और दो छोटे भाइयों के अलावा बगल में सोई पत्नी को भनक तक नहीं लगी। सोमवार रात करीब तीन बजे खून से लथपथ शव देख सनसनी फैल गई। रामचरन के परिवार वालों ने पट्टीदारों पर पुरानी रंजिश को लेकर हत्या की आशंका जताई है।
सूचना पाकर सीओ रुधौली शक्ति सिंह ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर लोगों से पूछताछ की। रात में ही मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सोनहा राजेश कुमार मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार रात रामचरन पत्नी रजनी और चार साल की बेटी अंजू, दो छोटे भाइयों व बहनों के साथ छत पर सोया था। रात में अचानक बारिश शुरू होने पर सभी लोग नीचे आ गए, लेकिन रामचरन नहीं आया। इस पर लोगों ने खोज शुरू की। बाद में पत्नी रजनी ढूंढते हुए बगल के छत पर पहुंची तो पति की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। राम चरन के पिता शंकर चौरसिया बगीचे की रखवाली करने गए थे। जानकारी होने पर वे भी आ गए। सूचना पाकर जानकारी डायल 112 पुलिस को दी गई। इसके बाद सोनहा थानेदार राजेश मिश्र आदि घटना स्थल पर पहुंच गए।
पट्टीदार की छत पर शव मिलना रहस्य
पत्नी व बच्चों के साथ छत पर सोया रामचरन पट्टीदार की छत पर कैसे पहुंचा, पुलिस के लिए इस सवाल का जवाब ढूंढना पहली चुनौती है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि रामचरन के पिता ने बेटे की हत्या का शक इसी आधार पर व्यक्त किया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पिता ने ही प्रार्थना पत्र दिया। थानेदार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिर्पोट आने पर तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पड़ाव पर थी पान की दुकान
पांच भाइयों राम भवन, गुरुचरन, शिवचरन, संजय और पांच बहनों रेनू, शकुंतला, सन्नो, सुनीता और पुनीता के बीच रामचरन दूसरे नंबर का था। उसने घर की सारी जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा रखी थी। लोगों के मुताबिक वह बहुत ही सरल स्वभाव का था।
एसपी ने घटना स्थल का किया निरीक्षण
भानपुर। नरखोरिया में पट्टीदार के छत पर मिले रामचरन के शव के मामले को संज्ञान लेकर एसपी हेमराज मीणा शाम चार बजे घटना स्थल पर पहुंचे। बताया कि रामचरन के शरीर पर मिले खरोच और चोट के निशान व घटना स्थल को देखकर प्रथम दृष्ट्या मामला गिरने से ही मौत होने की ओर इशारा कर रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।