बस्ती। सोनहा थाना के बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर रविवार शाम करीब 6:30 बजे मलपुरवा गांव के पास सड़क किनारे खेत में संदिग्ध हालात में युवक का शव मिला। कपड़े कीचड़ से सने थे और नाक से खून आ रहा था। स्थानीय लोगों ने युवक की शिनाख्त अली रजा पुत्र अब्दुल (25) निवासी भानपुर के रूप में की। मौके पर डायल 112 की टीम भी पहुंच गई। टीम के साथ प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद ने परिजनों को बुलाकर घटना स्थल पर पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए।
लोगों ने बताया कि अली रजा को दोपहर करीब 2:30 बजे बाइक सवार दो व्यक्तियों ने लाकर छोड़ा था। युवक ने बाइक सवारों से दोबारा बैठाने की जिद की। बाइक सवार उसे वहीं छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि युवक नशे में लग रहा था। लोगों का कहना है कि शाम चार घंटे तक युवक आसपास भटकता रहा। शाम 6:30 बजे वह खेत में पहुंच गया। उसके पिता का कहना है कि चार दिन पूर्व वह घर से अहमदाबाद जाने की बात कह कर निकला था। उसकी दो वर्ष पूर्व संतकबीरनगर जनपद के बेलहर थाना के लोहरसन गांव में लव मैरिज हुई थी। उसकी पत्नी मायके में ही रहती है। अली रजा तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पहले का नाम अहमद रजा व सबसे छोटे भाई का नाम मोहम्मद रजा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।