संबाद न्यूज एजेंसी
बभनान। गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बभनान गौर रेलवे स्टेशन के बीच रामापुर गांव के पास डाउन ट्रैक के किनारे झाड़ियों में 45 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, पैकोलिया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास रविवार की सुबह ग्रामीण जब रेलवे ट्रैक किनारे गए तो वहां शव देखा। थोड़ी ही देर में यह बात फैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने आरपीएफ की सूचना दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने पैकोलिया पुलिस को सूचना दी। युवक के दाहिने हाथ में रक्षा सूत्र बंधा हुआ है।
थानाध्यक्ष पैकोलिया धर्मेंद्र यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत होने का लग रहा है। उन्होंने बताया कि युवक के शरीर से शराब की भी बू आ रही है। मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी जगह पर ट्रेन से गिरकर मौत चुकी है।