बभनान। पैकोलिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास शुक्रवार को मानवता को शर्मसार करने वाला दृश्य देखने को मिला। भीड़भाड़ वाले रास्ते पर बढ़या के राम केवल का शव सुबह 11 बजे से लगभग चार घंटे तक पड़ा रहा। राहगीर, साइकिल और मोटरसाइकिल सवार बगल से गुजरते रहे, लेकिन किसी ने मदद करने की जहमत नहीं उठाई। आसपास के दुकानदार भी मूकदर्शक बने रहे।
स्थानीय लोगों की सूचना पर दोपहर 3 बजे 108 एंबुलेंस और पैकोलिया पुलिस पहुंची। बाद में पहुंची मरवटिया निवासी शकुंतला ने शव की पहचान अपने सगे भाई राम केवल के रूप में की। उन्होंने बताया कि राम केवल मेहनत-मजदूरी करके जीवन यापन करते थे। उनकी दो बेटियां हैं। मौत के बारे में परिजन भी स्पष्ट नहीं बता पाए। पुलिस ने बताया कि परिजन ने इसे स्वाभाविक मृत्यु मानकर विधिक कार्रवाई से मना कर दिया। संवाद