बस्ती। ट्रेनों की गति बढ़ाने, संचलन समय में कमी लाने एवं अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन को लेकर रेल मंत्रालय की ओर से लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर का निरंतर विस्तार किए जा रहे है। गोंडा-बुढ़वल रेल खंड पर गोंडा से कचहरी रेलवे स्टेशन तक (5 किलोमीटर) तीसरी रेलवे लाइन का निर्माण कार्य के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से प्री-नॉन इंटरलॉक कार्य कराए जा रहे है। जिसको लेकर 29 जून से 10 जुलाई तक भटनी-अयोध्या मेमो पैसेंजर ट्रेन का संचालन नहीं होगा।
भटनी-अयोध्या मेमो पैसेंजर ट्रेन के निरस्त होने से पूर्वांचल के छोटे रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम को जाने वाले यात्रियों को कुछ दिन मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा और उन्हें प्राइवेट या निजी वाहनों से जाना पड़ेगा। सबसे ज्यादा दिक्कत श्रद्धालुओं को होगी। क्योंकि पैसेंजर ट्रेन से श्रद्धालु आसानी से कम किराए में अयोध्या धाम पहुंच जाते थे, लेकिन अब उन्हें अधिक पैसे के साथ समय भी ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। जबकि इसके पहले 22 जून से 11 जुलाई तक गोरखपुर-गोंडा अप और डाउन पैसेंजर ट्रेन निरस्त चल रही है।
अब भटनी अयोध्या मेमू पैसेंजर ट्रेन को भी निरस्त कर दिया गया है। पैसेंजर ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों के साथ छोटे व्यापारियों को भी काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। गोरखपुर से गोंडा व अयोध्या तक छोटे व्यापारी पैसेंजर ट्रेनों से अपना व्यापार करते हैं, लेकिन ट्रेनों के निरस्त होने से उनके व्यापार पर भी असर पड़ने लगा है और अधिक पैसे खर्च कर प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है,
-
एक्सप्रेस ट्रेनों की लेटलतीफी जारी
रेलवे समय सारणी के अनुसार अभी भी कई एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से चल रही है, जिससे यात्रियों को कई घंटे तक ट्रेन की प्रतीक्षा में स्टेशन पर बैठना पड़ रहा है और उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को जाने वाली आनंद विहार पूर्णिया कोर्ट स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को शाम 5:45 बजे आने का समय था, लेकिन 7 घंटे लेट होने से यह ट्रेन रात 12:30 बजे के बाद स्टेशन पर आने की संभावना थी। इसके अलावा जो अन्य ट्रेनें लेट से चल रही है। उनमें अयोध्या भटनी मेमो पैसेंजर एक घंटे, मदार अमृत भारत एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, पूणे गोरखपुर स्पेशल 3 घंटे, कटिहार मुंबई सेंट्रल स्पेशल एक घंटे, बरौनी नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 3:30 घंटे, दरभंगा नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 4 घंटे, मुजफ्फरपुर जनसाधारण स्पेशल एक घंटे, अवध आसाम एक्सप्रेस 3:30 घंटे और अवध एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 50 मिनट की देरी से चल रही थी।
कोट
गोंडा से कचहरी रेलवे स्टेशन तक तीसरी रेलवे लाइन के प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त किया गया है। ऐसे में छोटे रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को कुछ समय के लिए दिक्कत उठानी पड़ेगी।
-सुमित कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर