नगर बाजार। नगर पंचायत नगर बाजार के मेघऊपुर निवासी दिव्यांग रामकिशन पांडेय की समस्याओं को संज्ञान लेकर डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई है। उनके रहने के इंतजाम के साथ जीवनयापन के अंत प्रबंध भी किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार रामकिशन का परिवार दयनीय स्थिति में है। न रहने के लिए पक्का घर था और न ही बच्चों की पढ़ाई और चलने-फिरने के ठीक इंतजाम थे। प्रशासन ने सबसे पहले कांशीराम आवास योजना के तहत परिवार के रहने की व्यवस्था कराई है। दिव्यांग बच्चों के लिए पहिये वाली कुर्सी और तिपहिया साइकिल उपलब्ध कराई गई और बड़े लड़के अंकुर का दिव्यांग भत्ता शुरू करा दिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि परिवार के लिए खाने-पीने और दूसरी जरूरी सुविधाओं के प्रबंध किए गए हैं। परिवार को रसोई गैस का संयोजन और अंत्योदय राशन कार्ड के लिए आवेदन कराया गया है। आय प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। चार में से दो बच्चों का दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किया गया है, शेष दो बच्चों के प्रमाण पत्र की प्रक्रिया चल रही है। बच्चों की उचित शिक्षा के लिए विद्यालय में प्रवेश करा दी गई है।